लखनऊ:अगस्त का राशन अब 25 अगस्त तक मिलेगा, यूपी सरकार ने बढ़ाई वितरण की तारीख

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 अगस्त 2026 उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद विभाग ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत अगस्त 2026 के लिए आवंटित खाद्यान्न के वितरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अन्त्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारक 25 अगस्त 2026 तक गेहूं और चावल का निःशुल्क वितरण प्राप्त कर सकेंगे।

आयुक्त, खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा 10 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार पहले अगस्त माह के खाद्यान्न का वितरण 5 अगस्त से 18 अगस्त 2026 तक निर्धारित किया गया था। विभाग ने अब इसे बढ़ाकर 25 अगस्त 2026 कर दिया है।

कांवड़ यात्रा के चलते वितरण प्रभावित

विभाग के अनुसार 3 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक कांवड़ यात्रा के कारण प्रदेश के कुछ जनपदों में खाद्यान्न का उठान और वितरण अपेक्षित गति से नहीं हो सका। इसी को देखते हुए सभी पात्र लाभार्थियों को राशन उपलब्ध कराने के लिए वितरण की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

ई-पॉस और ओटीपी से मिलेगा राशन

25 अगस्त तक राशन की दुकानों पर ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार आधारित वितरण जारी रहेगा। इसके साथ ही मोबाइल ओटीपी के जरिए राशन प्राप्त करने की सुविधा 18 अगस्त के साथ 25 अगस्त को भी उपलब्ध रहेगी।

पोर्टेबिलिटी की सुविधा भी जारी

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 25 अगस्त 2026 तक कार्डधारकों को पोर्टेबिलिटी के माध्यम से आवश्यक वस्तुएं प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। यानी पात्र लाभार्थी निर्धारित व्यवस्था के तहत अपनी सुविधा के अनुसार राशन प्राप्त कर सकेंगे।

खाद्य एवं रसद विभाग ने सभी जिलाधिकारियों, संभागीय खाद्य नियंत्रकों और जिला पूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का पालन कराते हुए वितरण कार्य सुनिश्चित कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी अगस्त माह के निःशुल्क खाद्यान्न से वंचित न रहे।

जरूरी बात: जिन पात्र कार्डधारकों ने अभी अगस्त माह का राशन नहीं लिया है, वे अब 25 अगस्त तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना गेहूं-चावल प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Comment