फर्रुखाबाद:जमीन धोखाधड़ी के मामले में वांछित अभियुक्त अवधेश कुमार गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अगस्त 2026 कोतवाली कायमगंज पुलिस ने जमीन की धोखाधड़ी एवं कूटरचित दस्तावेजों से संबंधित मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस महानिरीक्षक कानपुर रेंज, कानपुर श्री यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

कोतवाली कायमगंज में दर्ज मु0अ0सं0 198/2024, धारा 420/467/468 भादवि में वांछित अभियुक्त अवधेश कुमार पुत्र शीशराम निवासी सवितापुर बिहारीपुर, थाना कंपिल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

जमीन की धोखाधड़ी कर दोबारा बिक्री का आरोप

पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर 2024 को अंकित पुत्र धनेश वर्मा निवासी मोहल्ला बजरिया वृंदावन, कायमगंज ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि परगना कंपिल क्षेत्र की गाटा संख्या 230, रकबा 0.100 हेक्टेयर, गाटा संख्या 32, रकबा 0.080 हेक्टेयर तथा गाटा संख्या 33, रकबा 0.050 हेक्टेयर की जमीन, कुल क्षेत्रफल करीब 0.1966 हेक्टेयर, के संबंध में धोखाधड़ी कर बैनामा कराया गया और जमीन को दोबारा विक्रय किया गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने राजेश कुमार, अवधेश कुमार पुत्रगण शीशराम निवासी सवितापुर बिहारीपुर तथा शिवसिंह पुत्र होरीलाल निवासी ग्राम हमीरपुर काजी, परगना कंपिल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था।

विवेचना के दौरान पुलिस ने वांछित अभियुक्त अवधेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि अभियुक्त ने पूछताछ के दौरान अपने बयान अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय के समक्ष देने की बात कही है।

एक मुकदमा दर्ज है आपराधिक इतिहास में

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अवधेश कुमार के आपराधिक इतिहास में फिलहाल मु0अ0सं0 198/2024, धारा 420/467/468 भादवि, थाना कायमगंज दर्ज है।

इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी

अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल, निरीक्षक बाढ़ू यादव, कांस्टेबल सोनवीर, आरक्षी अमित श्रीवास्तव तथा महिला कांस्टेबल फरीन शामिल रहीं।

Leave a Comment