फर्रुखाबाद: 50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माण परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 अगस्त 2026 कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में 50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़कों को छोड़कर जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की विभागवार एवं परियोजनावार प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, भौतिक प्रगति, पूर्णता की स्थिति तथा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन परियोजनाओं में कार्य की गति धीमी है, उनमें आवश्यक कार्रवाई करते हुए तेजी लाने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या संस्था की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।

डीएम ने लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों को नियमानुसार संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं से निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा भौतिक एवं वित्तीय प्रगति में पारदर्शिता बनाए रखने को कहा।

सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने के निर्देश

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की रैंकिंग की भी समीक्षा की। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना, 108 एवं 102 एम्बुलेंस संचालन, जिला चिकित्सालय में सीटी मशीन की क्रियाशीलता, अंडा उत्पादन, गौवंश सुपुर्दगी, मत्स्य उत्पादन, निराश्रित महिला पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रदर्शन में सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं एवं परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने पर जोर दिया।

बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी वीरेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment