अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस पर प्रदर्शनी, मौन एवं फिल्म प्रदर्शन का होगा आयोजन।
कासगंज: हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत जनपद कासगंज में 12 से 14 अगस्त 2026 तक विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन एवं संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं स्वतंत्रता संग्राम के प्रति जागरूकता की भावना को और मजबूत करना है।
12 अगस्त को तिरंगा कॉन्सर्ट का आयोजन श्री गणेश इंटर कॉलेज ऑडिटोरियम में किया जाएगा। कार्यक्रम में पीएसी बैंड वादन, दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा जनप्रतिनिधियों का उद्बोधन होगा। प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
13 अगस्त को तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली प्रातः 8 बजे सोरों गेट से प्रारंभ होकर सोरों क्षेत्र तक जाएगी। इसमें नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न संगठनों की सहभागिता रहेगी।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस-2026 के अवसर पर श्री गणेश इंटर कॉलेज, कासगंज में कार्यक्रम आयोजित होगा। प्रातः 11 बजे विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का अनावरण एवं अवलोकन किया जाएगा।
इसके बाद विभाजन की त्रासदी के प्रति दो मिनट का मौन, विभाजन पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन तथा आमंत्रित संगठनों एवं विस्थापित परिवारों के वक्तव्य होंगे। कार्यक्रम में आमंत्रित महानुभावों का उद्बोधन एवं राष्ट्रगान के साथ समापन होगा।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाने की अपील की है।
