फर्रुखाबाद:बाढ़ राहत केंद्रों में गूंजा देशभक्ति का जयघोष, निकाली गई तिरंगा यात्रा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अगस्त 2026  मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के विभिन्न बाढ़ राहत केंद्रों में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाढ़ की विषम परिस्थितियों के बीच राहत केंद्रों पर रह रहे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रमों में सहभागिता की।

कार्यक्रम के तहत बाढ़ राहत केंद्र हाजी अख्तर रहमानी गर्ल्स इंटर कॉलेज, फर्रुखाबाद, बाढ़ राहत केंद्र अर्रा पहाड़पुर मंडी, गुरगांव देवी मंदिर के निकट तथा अवध इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, चित्रकूट राजेपुर में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा यात्रा एवं रैली निकाली गई।

तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा स्वतंत्रता दिवस के महत्व का संदेश दिया गया।

इसके साथ ही “भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के योगदान, संघर्ष और देश के प्रति उनके बलिदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में क्विज, पोस्टर एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

बाढ़ राहत केंद्रों पर आयोजित इन कार्यक्रमों से राहत केंद्रों में सकारात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Comment