फर्रुखाबाद:संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, घर-घर जागरूकता और बचाव उपायों पर जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अगस्त 2026 बारिश और बदलते मौसम के बीच संचारी रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने रोकथाम और बचाव को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने स्वास्थ्य अधिकारियों एवं मैदानी स्वास्थ्यकर्मियों को संभावित संचारी रोगों की समय से पहचान कर प्रभावी उपचार और रोकथाम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सीएमओ ने कहा कि बारिश के मौसम में मच्छरजनित एवं जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को लगातार जागरूक करने के साथ-साथ बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, टायर, डिब्बे एवं अन्य पात्रों में एकत्र पानी को नियमित रूप से खाली किया जाए, ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके। साथ ही पीने के पानी को ढककर रखने और स्वच्छ पेयजल का इस्तेमाल करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बुखार और डायरिया के मरीजों पर नजर

सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि बुखार, उल्टी-दस्त, डायरिया अथवा अन्य संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों की समय से पहचान की जाए और उनकी सूचना स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाई जाए। आवश्यकता के अनुसार मरीजों की जांच एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे बीमारी को गंभीर होने से पहले नियंत्रित किया जा सके।

घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करेंगी टीमें

आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम एवं अन्य मैदानी स्वास्थ्यकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्यकर्मी लोगों को साफ-सफाई रखने, स्वच्छ पेयजल का इस्तेमाल करने, भोजन से पहले और शौचालय के बाद हाथ धोने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने के प्रति जागरूक करेंगे।

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की सहभागिता भी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि लोग अपने घर और आसपास साफ-सफाई रखें, पानी जमा न होने दें और बीमारी के लक्षणों को लेकर समय रहते सतर्क रहें तो कई संक्रामक बीमारियों के प्रसार को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और समय से चिकित्सकीय सलाह एवं उपचार प्राप्त करें।

Leave a Comment