फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अगस्त 2026 यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से 07 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ आरती सिंह के निर्देशन में नगर क्षेत्र में सघन यातायात चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान क्षेत्राधिकारी यातायात अभय वर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत एवं प्रभारी निरीक्षक यातायात के नेतृत्व में संचालित हुआ।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। टीमों ने प्रेशर हॉर्न, बिना सीट बेल्ट, ट्रिपल सवारी, फाल्टी नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, ड्रंक एंड ड्राइविंग तथा ओवरलोडिंग के मामलों में विशेष रूप से चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 273 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 17 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा ओवरलोडिंग के मामले में 04 वाहनों को अलग से सीज किया गया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों पर कुल 10 लाख 63 हजार रुपये का समन शुल्क अधिरोपित किया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित क्षमता के अनुसार वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की।
पुलिस एवं परिवहन विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मद्देनजर यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
