फर्रुखाबाद:संत रविदास महाराज की कलश यात्रा ने लिया कई क्षेत्रों में भ्रमण, जगह-जगह हुआ स्वागत

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अगस्त 2026 जनपद में संत रविदास महाराज के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही कलश यात्रा शुक्रवार को नीम करौरी, संकिसा, कोठी नगला और मुरान सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने स्वागत कर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सहभागिता की।

कलश यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा एवं यात्रा संयोजक बीरेन्द्र कठेरिया ने किया। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर भाजपा जिला अध्यक्ष ने लोगों को संबोधित करते हुए संत रविदास महाराज के जीवन एवं उनके विचारों पर प्रकाश डाला।

फतेहचंद वर्मा ने कहा कि जिन-जिन स्थानों पर कलश यात्रा पहुंच रही है, वहां दलित समाज, अनुसूचित समाज सहित अन्य वर्गों के लोग भी उत्साहपूर्वक यात्रा का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास महान संत, कवि और समाज सुधारक थे। उन्होंने अपने जीवन के माध्यम से समानता, मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा संत रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस कलश यात्रा का आयोजन किया गया है। यह यात्रा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर संत रविदास के संदेश को प्रसारित करेगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि संत रविदास ने ऐसे समय में समाज को दिशा देने का कार्य किया, जब देश में भय का वातावरण था। भक्ति आंदोलन के माध्यम से उन्होंने समाज में साहस और जागरूकता पैदा करने का काम किया। उन्होंने अपना जीवन जातिवाद और छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा मानव-मानव के बीच समानता स्थापित करने के लिए समर्पित किया।

कलश यात्रा के दौरान पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, संकिसा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल राजपूत, जिला उपाध्यक्ष संदेश राजपूत, अवनीश शाक्य, नितिन प्रताप सिंह, नीम करौरी मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment