गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज़) लखीमपुर खीरी जिले के गोला गोकर्णनाथ तहसील के ग्राम छतौनिया निवासी बीना गुप्ता के सुपुत्र डॉ. पल्लव गुप्ता को हाल ही में शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया हैं। बुधवार को आयोजित दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदी पटेल एवं कुलाधिपति मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर के 11वे दीक्षांत समारोह के दौरान डॉ पल्लव गुप्ता को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। दीक्षांत समारोह में राज्यपाल के हाथों शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार एवं स्वर्ण पदक व सम्मान पाकर मेधावी विद्यार्थियों और उनके परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान छात्रों की कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास मंच पर साफ नजर आया। इस उपलब्धि पर दस्तक मीडिया के जिला ब्यूरो अनुज कुमार गुप्ता ने डॉ पल्लव गुप्ता व उनके परिजनों को फोन पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी साथ ही डॉ पल्लव गुप्ता के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ पल्लव गुप्ता ने वर्ष 2003 में महानगर बॉयज़ इंटर कॉलेज लखनऊ से हाईस्कूल प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया। वर्ष 2005 में इसी संस्थान से प्रथम श्रेणी में इंटरमीडिएट (गणित वर्ग) से उत्तीर्ण किया। उन्होंने वर्ष 2009 में इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक. (द्वितीय स्थान प्राप्त)। इसी वर्ष 2009 में उन्होंने GATE-2009 की परीक्षा ऑल इंडिया रैंक 3291 के साथ उत्तीर्ण की। तत्पश्चात वर्ष 2011 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू), वाराणसी से एम.टेक. पूर्ण किया। वर्ष 2015 में उन्होंने आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी से मेटल मैट्रिक्स नैनोकॉम्पोजिट्स विषय में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की।
वर्तमान में डॉ. पल्लव गुप्ता मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी), गोरखपुर में मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। इससे पूर्व लगभग 10 वर्ष का लंबा समय उन्होंने एमिटी विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश, नोएडा के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर कार्य करते हुए दिया। वे उन्नत पदार्थ (Advanced Materials), मेटल मैट्रिक्स एवं पॉलिमर कॉम्पोजिट्स, विनिर्माण प्रौद्योगिकी, सतत विकास तथा अनुकूलन तकनीकों के विश्व स्तरीय प्रतिष्ठित शोधकर्ता हैं। उनके शोध कार्यों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान प्राप्त है तथा उनके शोध-पत्रों को स्कोप्स पर 3000 से भी अधिक बार उद्धृत (cite) किया जा चुका है। उन्हें वर्ष 2022 में स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूची में विश्व के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों में स्थान प्राप्त हुआ तथा वर्ष 2025 में SciRank Global Registry द्वारा विश्व के शीर्ष 5% वैज्ञानिकों में सम्मिलित किया गया। उन्होंने अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध परियोजनाओं का सफल नेतृत्व किया है तथा करोड़ों रुपए के शोध अनुदान प्राप्त किए हैं। डॉ. गुप्ता को GATE Fellowship, UGC Fellowship, CST Young Scientist Fellowship, Publication Award, Best Poster Award तथा अनेक प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए हैं। उनके निर्देशन में अनेक पीएच.डी., एम.टेक. एवं बी.टेक. शोधार्थियों ने सफलतापूर्वक शोध कार्य पूर्ण किया है। उत्कृष्ट अध्यापन, नवाचार, उच्चस्तरीय शोध एवं शैक्षणिक नेतृत्व के माध्यम से डॉ. पल्लव गुप्ता ने तकनीकी शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है और वे युवा शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
लखीमपुर खीरी : दीक्षांत समारोह में डॉ पल्लव गुप्ता को शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार से किया गया सम्मानित
