फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अगस्त 2026 विकास भवन, फतेहगढ़ में बुधवार को जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डेयरी क्षेत्र के विकास, पशुपालन को बढ़ावा देने तथा किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ उपस्थित रहे। इसके अलावा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप-पशु चिकित्साधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र कुमार वर्मा, सहायक निदेशक मत्स्य, कृषि वैज्ञानिक डा. अरविन्द कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यालय से जूम लिंक के माध्यम से हुए लाइव प्रसारण के साथ हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना एवं नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों को अतिथियों द्वारा स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में स्थानीय विषय विशेषज्ञों ने डेयरी विकास, आधुनिक पशुपालन तथा किसानों की आय बढ़ाने के विभिन्न उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उप-पशु चिकित्साधिकारी ने किसानों से जैविक खेती को बढ़ावा देने और पशुपालन को खेती से जोड़कर अतिरिक्त आय अर्जित करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि फतेहचन्द्र वर्मा ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी सरकार की मंशा के अनुरूप किसानों की हर संभव सहायता के लिए सदैव तत्पर हैं।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए किसानों से अधिक से अधिक संख्या में डेयरी योजनाओं से जुड़कर उनका लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर सृजनी महिला मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी के क्लस्टर मैनेजर आदित्य पाण्डेय ने महिला किसानों को एएमसीयू (AMCU) प्रशिक्षण एवं दुग्ध गुणवत्ता प्रबंधन के संबंध में जागरूक किया। कार्यक्रम में ज्ञान डेयरी के सहायक प्रबंधक आर.आर. यादव भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का संचालन वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक एवं मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के नोडल अधिकारी नंदलाल वर्मा ने संभाला, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन युवा साहित्यकार वैभव सोमवंशी ने किया। कार्यक्रम में डेयरी क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की।
