फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अगस्त 2026 भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान की कलश यात्रा अमृतपुर विधानसभा के नवाबगंज मंडल पहुंची। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भव्य स्वागत किया।
कलश यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चंद वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज ने अपने जीवन के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने समाज से भेदभाव मिटाने तथा सनातन संस्कृति को सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि यह कलश यात्रा जनपद के सभी 18 मंडलों में पहुंचेगी तथा लगभग 45 दिनों तक विभिन्न गांवों एवं नगरों में भ्रमण कर सामाजिक समरसता का संदेश देगी।
नवाबगंज मंडल में यात्रा ग्राम जोधानगला, मंझना, रोशनाबाद, हुसैनपुर तराई एवं चिल्सरा सहित विभिन्न गांवों से होकर निकली। इस दौरान मंडल अध्यक्ष आदेश शाक्य के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष एवं संयोजक वीरेन्द्र कठेरिया, पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य, नवाबगंज चेयरमैन अनिल राजपूत, भाजपा नेता राम नरेश गौतम, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, पिछड़ा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल भारद्वाज, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष हेमसिंह राजपूत, राजीव चतुर्वेदी, अवनेंद्र मिश्रा, हुसैनपुर तराई के ग्राम प्रधान कन्हैयालाल दिवाकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कलश यात्रा के दौरान सामाजिक समरसता, राष्ट्रहित और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से समाज में आपसी भाईचारा, समानता और एकता बनाए रखने का आह्वान किया गया।
