फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अगस्त 2026 जनपद के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को सभी आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने दवा उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के अधिकारियों एवं चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित सूची के अनुसार मरीजों को आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं। अनावश्यक रूप से बाहर की दवाएं लिखने या मरीजों को खरीदने के लिए मजबूर करने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने कहा कि शासन द्वारा सरकारी अस्पतालों में आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है। ऐसे में सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी नियमित रूप से दवा स्टॉक की समीक्षा करें और किसी भी दवा की कमी होने पर समय रहते उसकी मांग भेजकर उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पतालों में दवा वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित रखी जाए। चिकित्सक केवल आवश्यकता के अनुरूप दवाएं लिखें तथा अस्पताल में उपलब्ध सरकारी दवाओं को प्राथमिकता दें। यदि किसी विशेष परिस्थिति में कोई दवा उपलब्ध न हो तो उसका स्पष्ट अभिलेखीकरण किया जाए और तत्काल उसकी व्यवस्था कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
डॉ. आनंद उपाध्याय ने संबंधित अधिकारियों को अस्पतालों के औषधि भंडार, दवा वितरण कक्ष और स्टॉक रजिस्टर का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि दवा वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का उद्देश्य केवल मरीजों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि उनके इलाज पर होने वाले आर्थिक बोझ को भी कम करना है। इसलिए प्रत्येक पात्र मरीज को निःशुल्क दवा, जांच और उपचार की सुविधा का पूरा लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की अपील की।
