फर्रुखाबाद कांवड़ यात्रा: डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने पांचाल घाट का किया निरीक्षण, सुरक्षा व श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दिए सख्त निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अगस्त 2026 श्रावण मास में आयोजित कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को गंगा तट स्थित पांचाल घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधाएं, कंट्रोल रूम, गोताखोरों तथा जल पुलिस की तैनाती का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित रहें।

डीएम ने घाटों पर नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती, निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल और गोताखोरों की पर्याप्त तैनाती करने तथा किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने निर्धारित डायवर्जन प्लान का प्रभावी पालन कराने और श्रद्धालुओं को समय-समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सा टीम, एंबुलेंस और अग्निशमन विभाग को भी पूरी सतर्कता के साथ तैनात रखने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, खंड विकास अधिकारी बढ़पुर डॉ. फरहाना खान, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment