फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अगस्त 2026 अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली कायमगंज पुलिस ने अश्लील हरकत, मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी से जुड़े मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन एवं पुलिस महानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में की गई कार्रवाई के दौरान अभियुक्त अभिषेक वाल्मीकि पुत्र सुरेश, निवासी मोहल्ला मीरा दरवाजा, अंबेडकर नगर बाजिदपुर, कस्बा एवं थाना शमशाबाद, जनपद फतेहगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 14 जून 2025 को पीड़िता द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर आरोप लगाया गया था कि अभियुक्त ने उसके साथ अश्लील हरकत की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जान से मारने की धमकी दी गई तथा घटना का वीडियो फेसबुक पर वायरल करने की धमकी दी गई। इस संबंध में थाना शमशाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 124/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं एवं आईटी एक्ट की धारा 66-ई में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना कोतवाली कायमगंज को स्थानांतरित होने के बाद पुलिस ने जांच के दौरान वांछित अभियुक्त अभिषेक वाल्मीकि को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह अपना पक्ष अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में प्रस्तुत करेगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल, निरीक्षक बाढू यादव, हेड कांस्टेबल रत्नेश कुमार, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार तथा कांस्टेबल युवराज शामिल रहे।
