लखीमपुर खीरी : रफ्तार पर कसेगा शिकंजा,एसपी ने इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज़) पुलिस लाइन परिसर में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन को एसपी डॉ ख्याति गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह इन्टरसेप्टर वाहन कई प्रकार के आधुनिक उपकरणों से लैस है जिससे पुलिस को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने में सफलता प्राप्त होगी। इस अवसर पर एसपी डॉ ख्याति गर्ग ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इस इंटरसेप्टर वाहन के संचालन से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाएगी।
यह इंटरसेप्टर वाहन कई आधुनिक उपकरणों से लैस है जिनके जरिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत और पुख्ता कार्रवाई की जाएगी। वाहन में लगी स्पीड लेजर गन के माध्यम से तेज रफ्तार वाहनों की सटीक गति मापकर चालान किया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की पहचान के लिए ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग होगा। अनाधिकृत मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न की जांच के लिए डेसीबल मीटर का इस्तेमाल किया जाएगा। सभी कार्रवाई डिजिटल माध्यम से साक्ष्यों के साथ पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएंगी। यह इंटरसेप्टर वाहन जिले के दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स), चिन्हित क्रिटिकल थानों, प्रमुख हाईवे तथा शहर के प्रवेश व निकास मार्गों पर रोटेशन के आधार पर तैनात किया जाएगा। इसके जरिए लापरवाही से गाड़ी चलाना और अन्य खतरनाक ड्राइविंग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि आम जनता का सफर सुरक्षित हो सके।
पुलिस अधीक्षक खीरी ने संबंधित अधिकारियों एवं यातायात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि इंटरसेप्टर वाहन का उपयोग पूर्ण दक्षता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
इस अवसर पर यातायात शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment