फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 जुलाई 2026 कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को सभागार कक्ष में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर श्री यमुना प्रसाद ने की।
समीक्षा बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील मार्गों एवं प्रमुख स्थलों पर सतर्क निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में उपस्थित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
