फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 जुलाई 2026 थाना कादरीगेट पुलिस ने चर्चित अरुण हुड्डा हत्याकांड के खुलासे में बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के मामले में वांछित एक अभियुक्त तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्टल, मैगजीन, सात जिंदा कारतूस, 3340 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मारुति सुजुकी फ्रांक्स कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सोनू उर्फ कर्मवीर पुत्र नरेंद्र डागर, निवासी ग्राम धतीर, थाना गदपुरी, जिला पलवल (हरियाणा) के रूप में हुई है। इसके साथ ही एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस के मुताबिक 26 जुलाई 2026 को वादिनी की तहरीर पर थाना कादरीगेट में मुकदमा संख्या 183/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि अभियुक्तों ने वादिनी के पति अरुण हुड्डा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में धारा 61(2) बीएनएस एवं 9/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी भी की।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि अरुण हुड्डा की हत्या की साजिश पहले से रची गई थी। उसका दावा है कि रोहित और रंजीत ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या की योजना बनाई थी। आरोप है कि रोहित ने पहले से एक पिस्टल खरीदी थी और अरुण का पीछा करते हुए फर्रुखाबाद पहुंचे, जहां अवसर मिलने पर उसके साथी ने गोली मारकर हत्या कर दी। अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि उसने रोहित के कहने पर घटना में प्रयुक्त अपनी कार उपलब्ध कराई थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्टल, मैगजीन, सात जिंदा कारतूस, 3340 रुपये नकद तथा बिना नंबर प्लेट की मारुति सुजुकी फ्रांक्स कार बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अभियुक्त के अन्य राज्यों में आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
थाना कादरीगेट पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।
