फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जुलाई 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने 21 जुलाई को कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ पर अनिश्चितकालीन विशाल धरना प्रदर्शन करने की घोषणा की है। संगठन ने बताया कि यह धरना राष्ट्रीय कार्यालय के निर्देश पर राष्ट्रीय और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर आयोजित किया जाएगा। किसानों की प्रमुख मांगों में लिंक एक्सप्रेसवे के कटों में संशोधन, मुआवजे के कथित अवैध वितरण की जांच, बराकेशव चकबंदी विवाद का समाधान तथा औद्योगिक गलियारे में जा रही जमीनों से संबंधित समस्याओं का निस्तारण शामिल है।
धरने की तैयारियों को लेकर संगठन ने गांव-गांव संपर्क अभियान तेज कर दिया है। जिला अध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में बराकेशव, जाजपुर बंजारा और गुतासी गांवों में बैठकें आयोजित की गईं, जहां किसानों ने आंदोलन को समर्थन देते हुए बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचने का आश्वासन दिया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, जिला सचिव बिजनेश यादव, प्रेम चंद्र दद्दा, रजत गंगवार, नवनीत सहित कई किसान उपस्थित रहे। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
