वाराणसी। सम्यक पार्टी द्वारा बैंक कॉलोनी, महमूरगंज स्थित कल्याणी वाटिका में बुधवार को जिला स्तरीय कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए रणनीतिक तैयारी को गति देना था।
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. के. मौर्य, राष्ट्रीय महासचिव राजेन्द्र गुप्ता (राजन) तथा राष्ट्रीय सचिव एवं चुनाव प्रभारी मनोहर बौद्ध ने पार्टी की विचारधारा, नीतियों और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि सम्यक पार्टी का उद्देश्य लोकतंत्र, समता, समृद्धि और खुशहाली पर आधारित समाज का निर्माण करना है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करते हुए पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लेना होगा।
बैठक में संगठन को अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, बूथ स्तर तक मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार करने, पार्टी की विचारधारा के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा मिशन-2027 के अंतर्गत विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तृत मंथन किया गया। कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक अनुशासन, जनसंपर्क अभियान और क्षेत्रीय स्तर पर निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर प्रांतीय मीडिया प्रभारी राजकुमार पाण्डेय, महानगर अध्यक्ष प्रवीण कुमार सोनी, जिला अध्यक्ष (शैक्षिक प्रकोष्ठ) कमल कुमार बाजपेयी, सदर विधानसभा अध्यक्ष हरिनाथ चौरसिया, विधानसभा उपाध्यक्ष विजय सोनकर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के आयोजक एवं महानगर अध्यक्ष प्रवीण कुमार सोनी ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, समर्पण और जनसंपर्क के बल पर सम्यक पार्टी मिशन-2027 के लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त करेगी।
