लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज़) राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन ने भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते में कृषि और दुग्ध उत्पादों के आयात के विरोध में बुधवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम की गैरमौजूदगी में अधिकारी कौशल कुमार सिंह को सौंपा। ज्ञापन में बताया गया है कि देश के कृषि मंत्री शिवराज सिंह प्रस्तावित समझौते में अमेरिका से कृषि और दुग्ध उत्पादों के आयात से इनकार कर रहे हैं लेकिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके सहयोगी अधिकारी प्रस्तावित व्यापार समझौते में कृषि उत्पाद और दुग्ध उत्पादों का भारत में निर्यात करने का वक्तव्य दे रहे हैं जिससे देश का किसान गंभीर आशंकाओं से ग्रसित और चिंतित है। अमेरिकन किसानों और कृषि डेरी उत्पादों में भारी सब्सिडी दी जाती है इस कारण अमेरिका में विशाल डेरी फार्म है। पूर्व में चीन अमेरिका से मक्का और सोयाबीन का आयात कर रहा था जो बंद हो गया है इस कारण अमेरिका भारत में अपने उत्पादों का विक्रय करना चाहता है। चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप ने किसानों को आश्वासन दिया था कि वह किसानों के हित में उनके कृषि उत्पादों के निर्यात का रास्ता खोलेंगे इसलिए किसानों ने अपने हित के लिए डोनाल्ड ट्रंप को वोट देकर विजयी बनाया था। अमेरिका में सोयाबीन, मक्का, खाद, तेल और दुग्ध के उत्पादन में भारी सब्सिडी है इस कारण उनका लागत मूल्य कम है। यदि अमेरिका से इन उत्पादों का आयात हुआ तो वह काफी सस्ते होंगे जिससे घाटे में अपने उत्पाद बेचकर भारत का किसान ही समाप्त हो जाएगा। वैसे भी कृषि प्रधान देश भारतवर्ष का किसान सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी फसलों का विक्रय न कर पाने के कारण घाटा उठा रहा है इस कारण किसानों के बच्चे खेती नहीं करना चाहते। यदि भारत अमेरिका के प्रस्तावित समझौते में कृषि उत्पादों और दुग्ध उत्पादन का आयात किया गया तो देश के किसान खेती करना और गाय भैंसों का पालन करना छोड़ देंगे और देश बहुत बड़े आर्थिक संकट में फंस जाएगा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि प्रस्तावित समझौते में कृषि उत्पादों और दुग्ध उत्पादों को शामिल किया गया तो संपूर्ण भारतवर्ष के किसान अपनी और अपने परिवार की जीवन रक्षा के लिए विशाल सत्याग्रह करेंगे इसकी जिम्मेदारी भारत सरकार की होगी।
ज्ञापन देते समय राकिशसं संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्री कृष्ण वर्मा, जिला अध्यक्ष संतोष सिंह भदौरिया, शिवकुमार वर्मा, रामसागर वर्मा, अवधेश कुमार, नरेंद्र कुमार, अनिल कुमार, मंजीत सिंह, विनोद कुमार, अरविंद कुमार हरनाम, राधेश्याम, गुरु प्रसाद, नत्थूलाल, पप्पू वर्मा, कौशल वर्मा, अनूप वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में किसान मौजूद रहे।
लखीमपुर खीरी : राकिशसं ने भारत अमेरिका डील के विरुद्ध सौंपा ज्ञापन
