फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जुलाई 2026 आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर और निःशुल्क तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत सत्र 2026-27 के लिए अभ्युदय कोचिंग सेंटर का शुभारंभ बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), फर्रुखाबाद में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “अभ्युदय का वास्तविक अर्थ जीवन की संभावनाओं का सूर्योदय है।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना उन मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग का लाभ नहीं उठा पाते। इस योजना के माध्यम से उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, समर्पण और तकनीक के समुचित उपयोग के साथ तैयारी करने की सलाह देते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, सही रणनीति और आत्मविश्लेषण ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकों का केवल अध्ययन ही नहीं, बल्कि उससे सीखने और स्वयं का मूल्यांकन करने पर भी जोर दिया। साथ ही शिक्षकों से अपनी शंकाएं खुलकर पूछने की अपील की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश दिए कि अभ्युदय कोचिंग सेंटर का संचालन पूरी गुणवत्ता और नियमितता के साथ किया जाए तथा विद्यार्थियों को सभी आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों की शंकाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अधिक प्रभावी हो सके।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने कहा कि जनपद के विद्यार्थियों के लिए यह कोचिंग सेंटर एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम के साथ-साथ पूर्व वर्षों के प्रश्नपत्रों का भी गहन अध्ययन करें। उनका कहना था कि “कम पढ़ें, लेकिन गुणवत्तापूर्ण पढ़ें।”
जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और सिविल सेवा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को अपना आदर्श बनाकर आगे बढ़ें।
जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की कार्यप्रणाली और विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी, संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षकगण, अभ्युदय योजना के संकाय सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
