फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जुलाई 2026 जनपद के अमृतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पट्टी दारापुर में ग्रामीण बदहाल व्यवस्थाओं के कारण नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से सड़कों पर नालियों का गंदा पानी जमा है, जिससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले पांच वर्षों में ग्राम प्रधान तीसराम द्वारा गांव के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। गांव की कई सड़कों पर जलभराव की समस्या बनी हुई है और कहीं भी पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। बरसात के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ ग्रामीणों ने चकमार्ग पर बनी नालियों को तोड़कर घरों का गंदा पानी सीधे खेतों की ओर छोड़ दिया है, जिससे चकमार्ग और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या और बढ़ गई है। कई स्थानों पर सड़कें तालाब का रूप ले चुकी हैं, जिससे पैदल चलने वाले, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक परेशान हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया। सड़कों पर जमा गंदा पानी मच्छरों के पनपने का कारण बन रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों से गांव का निरीक्षण कराकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने, टूटी नालियों का निर्माण कराने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
