भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में इतिहास रचते हुए इंग्लैंड को एकमात्र टेस्ट में 270 रन से हराया, लेकिन जीत के बाद टीम ने जो किया, उसने क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीत लिया। मैच समाप्त होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने इंग्लैंड की दो दिग्गज क्रिकेटरों, हीदर नाइट और टैमी ब्यूमोंट, को उनके आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच की यादगार के तौर पर हस्ताक्षर वाली भारतीय टीम की जर्सी भेंट की। लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित ऑनर्स बोर्ड के सामने हुआ यह भावुक पल क्रिकेट की खेल भावना का बेहतरीन उदाहरण बन गया। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने भी इस खास मौके का वीडियो साझा किया।
भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने दोनों खिलाड़ियों को जर्सी सौंपते हुए कहा, ‘आप जानते हैं कि क्रिकेट यादें बनाने का खेल है। भारतीय टीम की ओर से हम आपको आपके इंग्लैंड के लिए आखिरी मैच की एक छोटी-सी याद देना चाहते हैं। आपको शानदार करियर के लिए बधाई और भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं।’
