लखीमपुर खीरी : भारतीय बजरंग दल ने सावन माह में मांसाहार बिक्री पर प्रतिबंध को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज़) छोटी काशी के नाम से विख्यात गोला गोकर्णनाथ में श्रावण मास के दौरान आने वाले लाखों शिवभक्तों एवं कांवड़ियों की सुविधा तथा धार्मिक वातावरण बनाए रखने की मांग को लेकर भारतीय बजरंग दल जनपद लखीमपुर खीरी के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी गोला के माध्यम से उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि श्रावण मास की अवधि में गोला नगर एवं मंदिर परिसर के आसपास बकरा, मुर्गा, अंडा, मछली, बिरयानी तथा अन्य मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही मंदिर एवं तीर्थ क्षेत्र में संचालित प्रसाद की दुकानों पर दुकान स्वामी का नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके। इसके अतिरिक्त सावन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पार्किंग, स्वच्छ पेयजल, महिला एवं पुरुषों के लिए पर्याप्त एवं स्वच्छ शौचालय, बेहतर साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। ज्ञापन में गोला नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे आवारा गोवंशों को सुरक्षित गौशालाओं में पहुंचाकर उनके भोजन, पानी एवं उपचार की व्यवस्था कराने का भी अनुरोध किया गया। भारतीय बजरंग दल ने नगर में संचालित अवैध बैटरी ऑटो-रिक्शा एवं अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इससे सावन मेले के दौरान जाम की समस्या कम होगी और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। संगठन ने प्रशासन से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं, जनहित तथा कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
ज्ञापन देते समय भारतीय बजरंग दल के प्रदेश मंत्री अशोक जोशी, जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता, जिला संगठन मंत्री हिमांशु जोशी, प्रशांत गुप्ता, आशु गुप्ता, बबलू गुप्ता, नैतिक राठौर, मोहित राठौर, सचिन वर्मा, हिमांशु राजवंशी, शिवांशु श्रीवास्तव, राजेंद्र कुमार तिवारी, अभिराम तिवारी, साहिल तिवारी, शानू शाह सहित भारतीय बजरंग दल के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment