थाईलैंड: में दर्दनाक सड़क हादसा: 8 धुतांगधारी बौद्ध भिक्षुओं की मौत, कई गंभीर घायल

थाईलैंड:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 जुलाई 2026 थाईलैंड में एक बेहद दुखद सड़क दुर्घटना में 8 धुतांगधारी बौद्ध भिक्षुओं की मृत्यु हो गई, जबकि कई अन्य भिक्षु गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना ने बौद्ध समुदाय सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 35 धुतांगधारी भिक्षु और 5 उपासक मुकदहन प्रांत से उबोन की ओर पदयात्रा कर रहे थे। सभी भिक्षु सड़क के एक किनारे शांतिपूर्वक एक पंक्ति में अपने चीवर और भिक्षापात्र के साथ आगे बढ़ रहे थे।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक 11 वर्षीय बालक कथित रूप से अपने माता-पिता की जानकारी या अनुमति के बिना घर से कार लेकर निकल पड़ा। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पदयात्रा कर रहे भिक्षुओं की पंक्ति में जा घुसी।

हादसे में पंक्ति के आगे चल रहे 9 भिक्षु सुरक्षित बच गए, जबकि पीछे चल रहे भिक्षुओं में से 5 की मौके पर ही मृत्यु हो गई। तीन अन्य भिक्षुओं ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा 4 भिक्षुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य कुछ भिक्षुओं को हल्की चोटें आई हैं।

धुतांगधारी भिक्षु बौद्ध परंपरा में कठोर तप, संयम और साधना के लिए जाने जाते हैं। इस दुर्घटना को बौद्ध समाज के लिए अत्यंत बड़ी क्षति माना जा रहा है।

स्थानीय प्रशासन ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और कानूनी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।

बौद्ध अनुयायी दिवंगत भिक्षुओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके उत्तम गंतव्य की कामना कर रहे हैं तथा गंभीर रूप से घायल भिक्षुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

नोट: यह समाचार सोशल मीडिया पर साझा की जा रही जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। संबंधित अधिकारियों की आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों में परिवर्तन संभव है।

Leave a Comment