लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 जुलाई 2026 उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने पत्रकारों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल की है। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने बताया कि अब पत्रकार बंधुओं को आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पहले से अधिक सरल और सुगम होगी। इसके लिए विभाग जल्द ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू करने जा रहा है।
सूचना निदेशक ने बताया कि जिन पत्रकारों ने आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया था लेकिन किसी कारणवश उनका कार्ड अभी तक नहीं बन पाया है, वे beneficiary.nha.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने आवेदन की स्थिति (स्टेटस) देख सकते हैं। यदि पोर्टल पर उनका नाम प्रदर्शित होता है और किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है, तो वे अपने संबंधित जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक सुधार करा सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन पत्रकारों ने अभी तक आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया है या आवेदन के बावजूद उनका कार्ड नहीं बन सका है, उनकी सुविधा के लिए शीघ्र ही एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा। पोर्टल शुरू होने के बाद पत्रकार अपने संबंधित जनपद के जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
सूचना विभाग ने आश्वासन दिया है कि पोर्टल शुरू होने की जानकारी सभी पत्रकारों को तत्काल उपलब्ध करा दी जाएगी, जिससे वे बिना किसी परेशानी के आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
यह पहल प्रदेश के पत्रकारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
