फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 जुलाई 2026 जनपद फतेहगढ़ में आयोजित UPTET परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, प्रवेश व्यवस्था, CCTV कैमरों की निगरानी, पुलिस बल की तैनाती तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की संभावना को पूरी तरह समाप्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा प्रत्येक गतिविधि पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई।
प्रशासन की सतर्कता और समुचित व्यवस्थाओं के चलते जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर UPTET परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
