फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जुलाई 2026 जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान-2026 का बुधवार को शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। यह अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक पूरे जिले में चलाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी विभागों और आम नागरिकों की सहभागिता से ही यह अभियान सफल हो सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार सभी गतिविधियों का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई रखने, जलभराव न होने देने, कूलर, पुराने टायर, गमलों और अन्य पानी जमा होने वाले स्थानों की नियमित सफाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता और सतर्कता बेहद जरूरी है। तेज बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह भी दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय ने बताया कि अभियान के दौरान एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, बुखार सर्वे, स्रोत निस्तारण, साफ-सफाई अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम व्यापक स्तर पर चलाए जाएंगे। आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस (JE) और एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (AES) सहित अन्य संचारी रोगों के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी देंगी।
जागरूकता रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने बैनर और तख्तियों के माध्यम से स्वच्छता अपनाने और संचारी रोगों से बचाव का संदेश दिया।
अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम, प्रभात फेरियां, नुक्कड़ नाटक, गोष्ठियां, पोस्टर, पंपलेट वितरण और अन्य सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों ने फर्रुखाबाद को संचारी रोगों से मुक्त बनाने और अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय, नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद के अधिशासी अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
