फर्रुखाबाद: बंद मकान से चोरी के मामले का खुलासा, कादरीगेट पुलिस ने चोरी की बैटरी सहित आरोपी को किया गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जुलाई 2026 थाना कादरीगेट पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी की गई लुमिनस कंपनी की बैटरी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, थाना कादरीगेट क्षेत्र के लालगेट निवासी राजीव कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बंद पड़े मकान से अज्ञात चोरों ने विंडो एसी का कंप्रेसर, इन्वर्टर की बैटरी और अन्य सामान चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर थाना कादरीगेट में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने रामलीला गड्ढा निवासी निखिल पुत्र सुनील को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चोरी की एक लुमिनस कंपनी की बैटरी बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी निखिल ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी का अन्य सामान उसके साथियों के पास है। पुलिस अब फरार साथियों और शेष चोरी किए गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना कादरीगेट में पहले से भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। इस कार्रवाई को थाना कादरीगेट की पुलिस टीम ने रात्रि गश्त के दौरान सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

Leave a Comment