फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जुलाई 2026 भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत कायमगंज स्थित सीपी गेस्ट हाउस में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश मंत्री रजनी पांडे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की।
प्रदेश मंत्री रजनी पांडे ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अखंड भारत के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने कश्मीर में विशेष व्यवस्था और तत्कालीन नीतियों का विरोध करते हुए राष्ट्र की एकता के लिए संघर्ष किया तथा अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने उनके विचारों से प्रेरित होकर जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर ऐतिहासिक निर्णय लिया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में पिछले चुनावों से भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने नेहरू-लियाकत समझौते का विरोध किया था और कश्मीर में परमिट व्यवस्था समाप्त करने की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अखंडता और सुरक्षा से जुड़े कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि भाजपा का संगठन राष्ट्रवादी विचारधारा पर आधारित है और कार्यकर्ता उसकी रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और राष्ट्रीय विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर निर्माण का विरोध करने वाले दल आज जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी और भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच तथ्यों के साथ विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देंगे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया।
सम्मेलन में पूर्व राज्य महिला आयोग सदस्य डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. बी.के. गंगवार, शिक्षक प्रकोष्ठ प्रदेश सह-संयोजक भास्कर दत्त द्विवेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, मंडल अध्यक्षों सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
