फर्रुखाबाद UPTET 2026:जिले में 2 से 4 जुलाई तक लागू रहेगा रूट डायवर्जन, भारी वाहनों पर रहेगी रोक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जून 2026 उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के सफल एवं सुचारु आयोजन को लेकर जनपद फतेहगढ़ में 2 जुलाई से 4 जुलाई 2026 तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर को जाम मुक्त रखने और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है।

जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार कन्नौज की ओर से कानपुर रोड होते हुए फतेहगढ़ आने वाले सभी भारी मालवाहक वाहन, जैसे ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डम्पर और लोडर आदि को जिला जेल क्रॉसिंग से सेंट्रल जेल मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

परीक्षा अवधि के दौरान रखा तिराहा और अंबेडकर तिराहा से जे.एन.वी. रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर शहर क्षेत्र के भीतर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को परिस्थितियों के अनुसार अनुमति दी जाएगी।

फर्रुखाबाद बस अड्डे से कानपुर की ओर जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन लालगेट फव्वारा–आईटीआई–सेंट्रल जेल मार्ग से कराया जाएगा। वहीं सभी परीक्षा केंद्रों तथा विद्यालय एवं महाविद्यालय परिसरों के आसपास भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

ई-रिक्शा, ऑटो, टेम्पो और अन्य हल्के सार्वजनिक वाहनों का संचालन केवल निर्धारित मार्गों से किया जाएगा। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में आवश्यकता पड़ने पर इनके प्रवेश पर भी रोक लगाई जा सकती है।

यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोगपूर्वक पालन करें।

परीक्षार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपील

प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे परीक्षा केंद्र के लिए निर्धारित समय से काफी पहले घर से निकलें, ताकि यातायात प्रतिबंधों के कारण किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी अभ्यर्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्र पहुंच सकें।

Leave a Comment