फर्रुखाबाद(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जून 2026 भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद में आगामी सात दिनों के दौरान वर्षा, गरज-चमक, तेज झोंकेदार हवाओं तथा वज्रपात की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार 29 जून को जनपद के कुछ क्षेत्रों में वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी संभावना है।
30 जून से 2 जुलाई तक जिले के अनेक स्थानों पर वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। इस अवधि में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। वहीं, 3 जुलाई से 5 जुलाई के बीच भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया है कि आगामी चार दिनों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और नम रहेगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित पक्के भवनों के अंदर रहें। बिजली के उपकरणों के प्लग निकाल दें, खिड़की-दरवाजे बंद रखें तथा बिजली के तारों और विद्युत कनेक्शनों से दूरी बनाए रखें।
प्रशासन ने यह भी सलाह दी है कि आंधी-तूफान या वज्रपात के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, मोबाइल टावरों और अन्य ऊंची संरचनाओं के नीचे शरण न लें। खुले मैदान, खेत, छत या जलाशयों के आसपास खड़े होने से बचें। खराब मौसम के दौरान सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए बाहर न निकलें तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।
किसानों से विशेष रूप से अपील की गई है कि वे खेतों में कार्य करने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और संभावित बारिश व तेज हवाओं को देखते हुए फसलों, खुले में रखी कृषि उपज तथा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से तत्काल संपर्क करने की अपील की है।
