भारत को आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में क्यों मिली हार? सुनील गावस्कर ने बताए कारण

नवनियुक्त टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर के कार्यकाल की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ एक करारी हार के साथ हुई। इस दो मैचों की टी20 सीरीज से पहले भारत कभी भी आयरलैंड से कोई मैच नहीं हारा था, लेकिन अब भारत न सिर्फ दो मैच हारा बल्कि सीरीज भी गंवा बैठा। 2026 टी20 विश्व कप की खिताबी जीत के बाद भारत का लक्ष्य अपना दबदबा बनाए रखना था। इसी को देखते हुए सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया था। हालांकि, इस नतीजे ने भारतीय फैंस को झटका दिया है और दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने इसे भारतीय क्रिकेट के इतिहास के सबसे निचले स्तर में से एक करार दिया है।

गावस्कर भारत की हार से ज्यादा खिलाड़ियों के मैदान पर रवैये से दुखी दिखे। एक कॉलम में उन्होंने लिखा, 28 जून का दिन भारतीय क्रिकेट के इतिहास के सबसे खराब दिनों में से एक के रूप में दर्ज किया जाएगा। क्रिकेट मैच हारना एक बात है, लेकिन सीरीज हारना भले ही वह दो मैचों की सीरीज हो, ये इस बात पर भी निर्भर करता है कि आप किससे हारे हैं। भारतीय क्रिकेट में कई निराशाजनक पल आए हैं और मैं भी कुछ का हिस्सा रहा हूं, लेकिन आयरलैंड से हारना इतिहास के सबसे निचले स्तरों में से एक है। अगर आयरलैंड ने असाधारण क्रिकेट खेला होता, तो यह दर्द थोड़ा कम होता। लेकिन यह साफ तौर पर अत्यधिक आत्मविश्वास और लापरवाही थी जिसने भारत को डुबो दिया, और यही इस दुख की असली वजह है।

गावस्कर ने इस हार की तुलना 1983 के विश्व कप फाइनल में वेस्टइंडीज की टीम से की। उन्होंने कहा कि उस ऐतिहासिक मैच में भारतीय गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ से गेंदबाजी की थी और कप्तान कपिल देव ने विवियन रिचर्ड्स का एक शानदार मैच पलटने वाला कैच लपका था। गावस्कर के अनुसार, अगर आप उस मैच में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों के आउट होने के तरीके को देखेंगे, तो आपको वही अति-आत्मविश्वास और लापरवाही दिखेगी जो आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैचों में भारतीय बल्लेबाजों में नजर आई।

गावस्कर ने भारतीय बल्लेबाजों की तकनीक और शॉट चयन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, किसी भी खेल, विशेषकर क्रिकेट में परिस्थिति के अनुसार खेलना सबसे महत्वपूर्ण पहलू होता है। लेकिन लगभग सभी भारतीय बल्लेबाजों ने अपनी आक्रामक छवि के मुताबिक खेलने की कोशिश की। उन पिचों पर जहां अतिरिक्त उछाल थी, वे विपक्षी टीम की चतुर गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग के चलते बेहद आसानी से अपना विकेट गंवा बैठे।

Leave a Comment