कौन हैं सूर्यांश शेडगे?: नीतीश हुए बाहर, इस ऑलराउंडर की खुली किस्मत

आयरलैंड और इंग्लैंड के आगामी दौरों के लिए चोटिल नीतीश कुमार रेड्डी की जगह अब मुंबई के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को टीम में शामिल कर लिया गया है। दरअसल, नीतीश कुमार रेड्डी चोट की वजह से इस आगामी सीरीज से बाहर हो गए हैं।

23 साल के ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी जांघ की मांसपेशी (क्वाड्रिसेप) में चोट लगने के कारण आयरलैंड सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। इस चोट के ठीक होने में लगभग चार सप्ताह का समय लग सकता है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह इंग्लैंड दौरे से भी बाहर रह सकते हैं। हार्दिक पंड्या की अनुपलब्धता के बीच नीतीश की इस चोट ने भारतीय टीम के सामने तेज गेंदबाज ऑलराउंडर्स का संकट खड़ा कर दिया है।

इस संकट के बीच नीतीश के सटीक विकल्प के रूप में मुंबई के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को मौका मिला है। शेडगे हाल ही में ट्राई-सीरीज टूर्नामेंट जीतने वाली इंडिया-ए टीम के मुख्य सदस्य थे, जिसमें श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए की टीमें भी शामिल थीं। 23 वर्षीय यह खिलाड़ी आईपीएल में पंजाब किंग्स की तरफ से खेलता है, जिसके कप्तान भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम के नवनियुक्त कप्तान श्रेयस अय्यर हैं। चयनकर्ता श्रीलंका के मैदानों पर इस युवा खिलाड़ी के शानदार प्रदर्शन से काफी प्रभावित हुए हैं, जहाँ उन्होंने पांच मैचों में 36.75 के औसत से 147 रन बनाए और साथ ही दो विकेट भी अपने नाम किए।

वह आईपीएल में अब तक 12 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें उनके बल्ले से 163 के ताबड़तोड़ स्ट्राइक रेट के साथ 165 रन निकले हैं और एक अर्धशतक भी शामिल है। टीम में शामिल होने के बाद यह युवा खिलाड़ी आयरलैंड में टी20 और वनडे दोनों प्रारूपों में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर सकता है। इसके साथ ही वह साल 2027 के वनडे विश्व कप की टीम के लिए भी अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर सकता है।

Leave a Comment