फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जून 2026 केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में एक विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह बृहद रोजगार मेला 19 जून 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), ठंडी सड़क, फर्रुखाबाद में आयोजित होगा। रोजगार मेले में देश की 40 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और 2500 से अधिक रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
रोजगार मेले में हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड, स्वराज इंजन चंडीगढ़, न्यू हॉलैंड, आईसीआईसीआई बैंक, मदरसन ऑटोमोटिव गुजरात, एमआरएफ एवं अपोलो टायर, डिक्सन, सुब्रोस नोएडा, श्रीराम पिस्टन गाजियाबाद तथा टाटा मोटर्स पंतनगर एवं गुजरात सहित अनेक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। विभिन्न कंपनियों द्वारा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी।
मेले में 8वीं, 10वीं, 12वीं पास, आईटीआई पासआउट एवं अपीयरिंग, कौशल विकास डिप्लोमा धारक, बीटेक, बीए, बीएससी तथा अन्य स्नातक अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों के लिए 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों को आमंत्रित किया गया है।
चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं पद के अनुसार 12,000 रुपये से 20,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन अथवा स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। वहीं ओवरटाइम सहित मासिक आय 16,000 रुपये से 30,000 रुपये तक पहुंच सकती है। इस रोजगार मेले में पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है। किसी भी अभ्यर्थी से नौकरी दिलाने के नाम पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को 19 जून को सुबह 9 बजे आईटीआई परिसर में अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
अभ्यर्थियों को अपने साथ आधार कार्ड, शैक्षिक एवं तकनीकी प्रमाण-पत्र, बायोडाटा/रिज्यूमे, पासपोर्ट साइज फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज लाने होंगे। अधिकारियों ने अधिक से अधिक संख्या में युवाओं से रोजगार मेले में पहुंचकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
यह रोजगार मेला जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर साबित हो सकता है।
