फर्रुखाबाद:मोहर्रम को लेकर फर्रुखाबाद में शांति समिति की बैठक सम्पन्न, व्यवस्थाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जून 2026 आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)अरुण कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, नगर निकायों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूसों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।

शांति समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने बैठक में स्थानीय समस्याओं को भी उठाया। उन्होंने साहबगंज चौराहे पर स्थित पीपल के पेड़ की टहनियों को सुरक्षित रखने के लिए बल्ली लगवाने की मांग की। इसके अलावा नाला मच्छरट्टा क्षेत्र में खुले नालों को ढकवाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा पर्व को परंपरागत रूप से शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा किसी समस्या की स्थिति में तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि मोहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

बैठक का समापन आपसी सहयोग, सौहार्द और शांति बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ। प्रशासन ने सभी नागरिकों से पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की।

Leave a Comment