फर्रुखाबाद रेलवे जंक्शन पर मजार हटाने को लेकर बढ़ा विवाद, सांसद ने कहा- विकास कार्यों में बाधा बर्दाश्त नहीं

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जून 2026 अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत फर्रुखाबाद रेलवे जंक्शन के सौंदर्यीकरण तथा कानपुर-कासगंज रेलवे लाइन के दोहरीकरण कार्य के दौरान स्टेशन परिसर में स्थित एक मजार को लेकर विवाद गहरा गया है। रेलवे की भूमि पर स्थित मजार को हटाए जाने की चर्चा के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।

जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन पर तैनात कुछ मुस्लिम कर्मचारियों द्वारा मजार हटाए जाने की सूचना समाज के लोगों तक पहुंचाई गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग स्टेशन परिसर के आसपास एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने मजार को न हटाए जाने की मांग उठाते हुए विरोध दर्ज कराया।

बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन के चौड़ीकरण और विकास कार्यों में उक्त मजार बाधा बन रही है। रेलवे की करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि पर स्थित इस ढांचे को हटाने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना के बीच विरोध तेज हो गया।

मामला जिले के सांसद मुकेश राजपूत के संज्ञान में पहुंचने पर उन्होंने विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनहित और विकास से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई निर्माण कार्य परियोजना के रास्ते में आ रहा है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उधर, हिन्दू रक्षा दल ने भी इस मुद्दे पर खुलकर समर्थन जताया है। संगठन के जिला अध्यक्ष मुन्ना गुप्ता अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और मजार हटाए जाने के पक्ष में धरना दिया। संगठन का कहना है कि सरकारी भूमि पर चल रहे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की रुकावट नहीं होनी चाहिए।

फिलहाल प्रशासन और रेलवे अधिकारियों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। मामले को लेकर विभिन्न पक्षों की प्रतिक्रियाओं के बीच रेलवे विकास परियोजनाओं को लेकर जनपद में चर्चा तेज हो गई है।

हालांकि, रेलवे प्रशासन की ओर से मजार हटाने संबंधी अंतिम कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रशासनिक स्तर पर मामले के समाधान के प्रयास जारी हैं।

Leave a Comment