फर्रुखाबाद:प्लाट की बाउंड्री वॉल तोड़ने और धमकी देने के आरोप में छह नामजद समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जून 2026 शमशाबाद क्षेत्र में एक प्लांट की बाउंड्री वॉल तोड़ने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने छह नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नगर पंचायत कंपिल के काजी टोला निवासी मुन्ना अली ने थाना शमशाबाद पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका प्लांट शमशाबाद ब्लॉक रोड स्थित मोहल्ला दल मीर खां में है। उन्होंने प्लांट के चारों ओर बाउंड्री वॉल बनवाकर परिसर को सुरक्षित किया था तथा गेट पर ताला लगा रखा था।

आरोप है कि 30 मई की रात नगर पंचायत शमशाबाद निवासी महेश, रावेंद्र, अरविंद, शिवम, अंकित और आशीष सहित करीब एक दर्जन लोगों ने मिलकर उनकी बाउंड्री वॉल को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो आरोपी दीवार तोड़ते हुए मिले।

पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

थाना प्रभारी सचिन सिंह चौधरी ने बताया कि मुन्ना अली की तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment