फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जून 2026 नगर पालिका परिषद द्वारा स्वच्छ शहर अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से वार्ड संख्या 22 गोविंद नगर स्थित मोहल्ला हाता मिंटू खां में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं कचरा पृथक्करण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल एवं वार्ड सभासद नेहा यादव ने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल का फूलमालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर नागरिकों को घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग रखने तथा निर्धारित कूड़ा गाड़ियों में ही डालने के लिए प्रेरित किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखें तथा प्रतिदिन आने वाली नगर पालिका की कूड़ा संग्रहण गाड़ी में ही कचरा दें।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए ई-रिक्शा संचालित किए जा रहे हैं। यह व्यवस्था स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ-साथ कचरा प्रबंधन को भी अधिक प्रभावी बना रही है।
कार्यक्रम में नागरिकों को बताया गया कि गीला कचरा जैसे भोजन अवशेष, सब्जियों के छिलके आदि तथा सूखा कचरा जैसे प्लास्टिक, कागज एवं अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को अलग-अलग रखा जाए। इससे कचरे के निस्तारण और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया को आसान बनाया जा सकेगा।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आएगी।
