फर्रुखाबाद:फर्जी चेन स्नैचिंग की कहानी रचने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस जांच में खुला झूठा षड्यंत्र

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जून 2026 थाना राजेपुर पुलिस ने चेन स्नैचिंग की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि कथित चेन लूट की घटना पूरी तरह मनगढ़ंत थी और वादी ने अपनी मां के साथ मिलकर साजिश रची थी।

पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को राहुल शुक्ला पुत्र राजीव शुक्ला निवासी दीनदयाल बाग, मसेनी चौराहा, थाना कादरीगेट ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि वह अपनी मां के साथ जलालाबाद जा रहा था। रास्ते में डबरी तिराहे के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसकी मां के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया तथा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, वादी और उसकी मां के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को घटना संदिग्ध लगी। इसके बाद दोनों से अलग-अलग पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि राहुल शुक्ला की वैवाहिक जीवन में विवाद चल रहा है और उसकी पत्नी अपने गहने लेकर अलग रह रही है। साथ ही पिता के सड़क हादसे और मां की बीमारी के उपचार में काफी धन खर्च होने के कारण वह कर्ज में डूबा हुआ था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि राहुल ने शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन किया हुआ है। आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव के चलते उसने अपनी मां के साथ मिलकर पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से चेन लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी।

गहन पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कथित रूप से छीनी गई सोने की चेन राहुल शुक्ला के कब्जे से बरामद कर ली। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने झूठी सूचना देने की बात स्वीकार की है और न्यायालय के समक्ष भी बयान देने की बात कही है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी

राहुल शुक्ला पुत्र राजीव शुक्ला निवासी: मोहल्ला दीनदयाल बाग, मसेनी चौराहा, थाना कादरीगेट, जनपद फर्रुखाबाद

गिरफ्तारी करने वाली टीम

थानाध्यक्ष नागेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार, आरक्षी वंश कुशवाहा, महिला आरक्षी सुरेखा

पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी घटना की सूचना देते समय सही और सत्य जानकारी दें। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना कानूनन अपराध है, जिसके लिए कठोर कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Comment