फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 जून 2026 थाना कम्पिल क्षेत्र के ग्राम सुल्तनापुर पलनापुर स्थित गौशाला को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल किए गए भ्रामक वीडियो मामले में पुलिस ने नामित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में वायरल वीडियो में किए गए दावों को गलत पाया गया तथा मामले में पैसों की उगाही के तथ्य भी सामने आए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को एक व्यक्ति द्वारा गौशाला में लेटी हुई गायों का वीडियो बनाकर उन्हें मृत अवस्था में दिखाते हुए सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच के दौरान गौशाला में मौजूद सभी गौवंश सुरक्षित और स्वस्थ पाए गए। साथ ही गौपालों से पूछताछ में यह तथ्य भी प्रकाश में आया कि वीडियो बनाने और वायरल करने के पीछे पैसों की उगाही का उद्देश्य था।
जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर थाना कम्पिल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में नामित अभियुक्त ने अपने निजी स्वार्थ की पूर्ति के लिए लोगों को एकत्रित कर तहसील कायमगंज परिसर में नारेबाजी भी कराई थी।
मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 2 जून 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह फतेहगढ़ ने बताया कि वायरल वीडियो की गहन जांच की गई, जिसमें गौशाला में सभी गौवंश सुरक्षित पाए गए। जांच में उगाही से जुड़े तथ्य सामने आने पर विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वीडियो या सूचना को सत्यापन के बिना साझा न करें तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
