फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जून 2026 पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन जनपद शाखा फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश ने पंचायत सहायकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर निदेशक पंचायत राज विभाग, उत्तर प्रदेश लखनऊ के माध्यम से जिला पंचायत राज अधिकारी फर्रुखाबाद को एक ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने पंचायत सहायकों के लिए स्पष्ट सेवा नियमावली, मानदेय वृद्धि तथा विभागीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि पंचायत सहायक ग्राम पंचायत सचिवालयों के संचालन, डिजिटल सेवाओं के क्रियान्वयन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें आज तक स्पष्ट सेवा नियमावली, पर्याप्त सुविधाएं और कार्य के अनुरूप सम्मानजनक मानदेय उपलब्ध नहीं कराया गया है।
यूनियन द्वारा प्रस्तुत प्रमुख मांगों में पंचायत सहायकों के लिए कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू करना, पृथक पंचायत सहायक पोर्टल विकसित करना, ग्राम पंचायत सचिवालयों में आवश्यक फर्नीचर, कंप्यूटर, प्रिंटर एवं अन्य उपकरण उपलब्ध कराना तथा इंटरनेट, प्रिंटिंग और स्टेशनरी व्यय के लिए निर्धारित बजट उपलब्ध कराना शामिल है।
इसके अलावा प्रत्येक पंचायत सहायक को विभागीय मोबाइल फोन उपलब्ध कराने, सीएससी सेवाओं के भुगतान हेतु समुचित पेमेंट गेटवे व्यवस्था विकसित करने तथा वर्तमान 6000 रुपये प्रतिमाह मानदेय में वृद्धि कर ग्राम पंचायत सचिव के समकक्ष 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित करने अथवा न्यूनतम कुशल मजदूरी दर लागू करने की मांग भी की गई है।
यूनियन ने संविदा आधारित व्यवस्था समाप्त कर पंचायत सहायकों के लिए स्थायी एवं स्पष्ट सेवा नियमावली बनाने, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारी की भर्तियों में पंचायत सहायकों को 50 प्रतिशत शैक्षिक आरक्षण देने तथा सभी पंचायत सहायकों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करते हुए आयुष्मान कार्ड जारी करने की भी मांग उठाई है।
ज्ञापन पर जिला अध्यक्ष विवस्वत सिंह, जिला उपाध्यक्ष हिमानी शाक्य, रूपाली कटियार, शुभम गंगवार, दीपावली गंगवार, आकांक्षा शाक्य सहित अन्य पंचायत सहायकों के हस्ताक्षर हैं। यूनियन ने शासन से पंचायत सहायकों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की है।
