फर्रुखाबाद:विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर पुलिस लाइन फतेहगढ़ में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 मई 2026 विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन फतेहगढ़ में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी लाइन एवं प्रतिसार निरीक्षक द्वारा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तम्बाकू एवं तम्बाकू उत्पादों का सेवन न करने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने तम्बाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए सभी कर्मियों को स्वयं जागरूक रहने तथा समाज में भी लोगों को तम्बाकू से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तम्बाकू और अन्य नशे की आदतों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि तम्बाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग और श्वसन संबंधी कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है, इसलिए इसके प्रति जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है।

विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन में भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना रहा।

Leave a Comment