लखीमपुर खीरी : शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई ईद उल अजहा की नमाज, गले मिलकर दी मुबारकबाद

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) ईद उल अजहा (बकरीद) का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। गोला नगर की ईदगाह सहित जामा मस्जिद में शांति, भाईचारे और उल्लास के साथ ईद की नमाज अदा की गई। मुस्लिम धर्म के हजारों लोगों ने ईद की नमाज पढ़कर देश में अमन चैन और तरक्की की दुआ मांगी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद उल अजहा का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद दिखा। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत गोला एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी, गोला सीओ रमेश कुमार तिवारी, गोला कोतवाल अम्बर सिंह एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। नगर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज पढ़ने के लिए पहुंचे। नमाज के दौरान देश में अमन चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और समाज में प्रेम, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
इस मौके पर ईदगाह पहुंचकर समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विनय तिवारी, गोला नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू, कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने भी मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर ईद उल अजहा की शुभकामनाएं दी।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विनय तिवारी ने सभी मुस्लिम भाइयों को ईद उल अजहा की बहुत बहुत मुबारकबाद देते हुए कहा अल्लाह आपकी कुर्बानियाँ और इबादत कुबूल फरमाए। यह पवित्र अवसर आपके और आपके परिवार के लिए अपार खुशियां, शांति और समृद्धि लेकर आए।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ने बधाई देते हुए कहा कि ईद-उल-अजहा का पाक मौका त्याग और आपसी स्नेह को बढ़ाता है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने सभी भाइयों को मुबारकबाद देते हुए गले मिलकर भाईचारे, त्याग और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। सभी नेताओं ने इस पर्व को शांतिपूर्ण और आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।

Leave a Comment