लखीमपुर खीरी : डीएम ने की जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक, दिए निर्देश

लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज) बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर बुधवार शाम अटल सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागीय योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक का संचालन मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने किया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों की शैक्षिक एवं भौतिक गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवशेष विद्यालयों में नियमित फॉलोअप कर शीघ्र विद्युतीकरण कराया जाए तथा सभी स्कूलों को फर्नीचर से सुसज्जित करने के लक्ष्य पर तेजी से कार्य किया जाए। डीएम ने जनपद में नामांकन की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिले ने बड़े लक्ष्य को तेजी से हासिल किया है और ड्रॉप आउट रेट भी न्यूनतम है, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अगस्त माह में वह स्वयं परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के अधिगम स्तर की जांच करेंगे। इसके लिए प्रश्न पत्र बच्चों की पुस्तकों से ही तैयार कराया जाएगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि केवल इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार पर्याप्त नहीं है बल्कि पठन-पाठन का स्तर भी इतना उत्कृष्ट होना चाहिए कि विद्यालयों में प्रवेश के लिए प्रतिस्पर्धा की स्थिति बने।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि निपुण भारत अभियान में गुणवत्ता पर विशेष फोकस किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में नामांकन की स्थिति अच्छी है अब बच्चों के अधिगम स्तर और पठन-पाठन की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों और शिक्षकों से विद्यालयों में शैक्षणिक माहौल मजबूत करने के निर्देश दिए।

बैठक में एसएमसी गठन, प्रेरणा पोर्टल पर अपलोडिंग, केजीबीवी में निर्माण कार्यों की प्रगति, डीबीटी मॉडल, स्कूल चलो अभियान, निपुण भारत, ऑपरेशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर्स, शिक्षकों के प्रशिक्षण, डीटीएफ -बीटीएफ निरीक्षण, दिव्यांग बच्चों की ट्रैकिंग, मध्यान्ह भोजन योजना सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई और जरूरी निर्देश दिए।

बैठक में बीएसए प्रवीण तिवारी ने कहा कि आज की बैठक में जो भी निर्देश दिए गए हैं उनका उनके स्तर से या उनकी टीम द्वारा पूर्णतया अनुपालन किया जाएगा। बैठक में सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र, डीएसओ अंजनी कुमार सिंह, सभी बीईओ मौजूद रहे। वही सभी बीडीओ वर्चुअल शामिल रहे।

नामांकन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को डीएम-सीडीओ ने किया सम्मानित
डीएम अंजनी कुमार सिंह एवं सीडीओ अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित।
प्रवक्ता अनुज कुमार, बीईओ मोहम्मदी शशांक सिंह, बीईओ कुंभी श्रीराम एवं प्रधानाचार्य वीरेश चंद्र बाजपेई को कक्षा 08 के सापेक्ष कक्षा 09 में नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि एवं दायित्वों के प्रभावी निष्पादन हेतु सम्मानित किया गया।

Leave a Comment