फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 मई 2026 वन्देमातरम किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नन्दकिशोर दुबे वन्देमातरम ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों और आम जनता को राहत देने के बजाय किस्तों में लूटने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे खेती करना लगातार महंगा होता जा रहा है। खेतों की जुताई, इंजन से सिंचाई और सामान ढुलाई तक का खर्च बढ़ गया है। इसका सीधा असर किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है।
नन्दकिशोर दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। पहले रसोई गैस और अब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का असर परिवहन, खेती और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं पर पड़ता है, जिससे हर वर्ग प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर थोड़े-थोड़े अंतराल में कीमतें बढ़ा रही है ताकि जनता और किसानों का विरोध कम दिखाई दे। लेकिन अब देश की आम जनता और किसान भाजपा की नीतियों को समझ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं ने महंगाई कम करने और जनता को राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन वर्तमान स्थिति पूरी तरह विपरीत है। अंत में उन्होंने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस लेने और आम जनता को राहत देने की मांग की।
