फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 मई 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार सक्रिय बना हुआ है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ॰ अंकुर लाठर के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
जिला आबकारी अधिकारी जी०पी० गुप्ता के पर्यवेक्षण में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने टीम के साथ विभिन्न शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान देशी शराब दुकान हैवतपुर गढ़िया, रकाबगंज(ख), बढ़पुर तथा कम्पोजिट शॉप साहबगंज की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने अनुज्ञापियों को निर्देश दिए कि सभी अभिलेख अद्यतन रखें तथा शासन के नियमों और मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें।
अभियान के दौरान उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान भी किया गया। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
आबकारी विभाग ने कहा कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध यह प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
