फर्रुखाबाद:देव फार्मास्युटिकल पर औषधि विभाग का छापा, तीन दवाओं के नमूने जांच को भेजे

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 मई 2026 जनपद में औषधि विभाग ने मेडिकल स्टोरों पर निगरानी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। औषधि निरीक्षक डॉ. परमेश कुमार द्विवेदी ने खारबंदी कुइयाँबूंट स्थित देव फार्मास्युटिकल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संदिग्धता के आधार पर तीन दवाओं के नमूने सील कर राजकीय प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे गए हैं।

जांच के दौरान कोडीन एवं अन्य नारकोटिक दवाओं के भंडारण और बिक्री को लेकर पूछताछ की गई, हालांकि मौके पर इन औषधियों के भंडारण संबंधी कोई साक्ष्य नहीं मिले। टीम ने दवाओं के क्रय-विक्रय से जुड़े अभिलेखों की भी गहन जांच की।

निरीक्षण के समय मौजूद प्रोपराइटर को विभागीय मानकों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी गई तथा पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही फर्म के नक्शे एवं स्वामित्व संबंधी दस्तावेज तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया।

डॉ. परमेश कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि जो मेडिकल स्टोर संचालक नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 के तहत लाइसेंस निलंबन एवं निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment