फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 मई 2026 जनपद में एस०एस० हॉस्पिटल में उपचार के दौरान महिला मरीज की मौत के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच टीम ने शनिवार को अस्पताल का निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम राजेपुर निवासी श्वेता पत्नी अश्वनी की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मामले की सूचना मिलने पर प्रशासन हरकत में आया और सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में जांच टीम गठित की गई। टीम में सीओ सिटी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० आर०सी० माथुर, डॉ० दीपक कटारिया सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
जांच के दौरान अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर की व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गईं। वहीं मरीज की बीएचटी (Bed Head Ticket) फाइल भी अधूरी मिली। उपचार संबंधी अभिलेखों में आवश्यक चिकित्सकीय विवरण और प्रविष्टियां संतोषजनक रूप से उपलब्ध नहीं थीं। टीम ने अस्पताल संचालन में कई अन्य अनियमितताएं भी पाईं।
इन गंभीर खामियों को देखते हुए संयुक्त टीम ने अस्पताल को तत्काल सील कर दिया। साथ ही उपचार से जुड़े दस्तावेज, रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्य सुरक्षित करते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अस्पताल प्रबंधन और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जनपद में संचालित सभी निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और क्लीनिकों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों और मरीज सुरक्षा संबंधी प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध संचालन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे केवल पंजीकृत एवं मान्यता प्राप्त चिकित्सालयों में ही उपचार कराएं तथा किसी भी चिकित्सकीय अनियमितता की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
