फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग का सघन अभियान, शराब दुकानों पर औचक निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 मई 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा व्यापक प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ॰ अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी०पी० गुप्ता के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 श्री कुमार गौरव सिंह ने आबकारी स्टाफ के साथ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान देशी शराब दुकान धंसुआ, कम्पोजिट शॉप धंसुआ तथा संबंधित थोक मदिरा दुकानों की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान दुकानों पर उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया और उसका मिलान स्टॉक रजिस्टर एवं ऑनलाइन अभिलेखों से कराया गया। साथ ही ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन के माध्यम से बिक्री, बारकोड स्कैनिंग प्रणाली तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की गई।

आबकारी अधिकारियों ने अनुज्ञापियों को निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों को अद्यतन रखा जाए तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। टीम द्वारा मदिरा की गुणवत्ता और वैधता की भी जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।